प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या पहुंचे

अयोध्या.  मंगलवार सुबह भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठी, जहां श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर होने वाले ध्वजारोहण समारोह से पहले वातावरण उल्लास से सराबोर हो गया। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या पहुंच गए और उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पावन अनुष्ठान में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।

भोर से ही गलियों और घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘जय श्री राम’ के जयघोष से पूरा शहर गूंजता रहा। साधु-संतों ने इस क्षण को सदियों की प्रतीक्षा का फल बताया। रायबरेली के डलमऊ से पहुंचे स्वामी नरोत्तमानंद गिरि ने कहा कि ध्वजारोहण में शामिल होना आध्यात्मिक सिद्धि जैसा अनुभव है। राम मंदिर आंदोलन के शुरुआती चरण से जुड़े 95 वर्षीय संत देवेंद्रानंद गिरि भावुक दिखे और बोले कि उन्होंने जीवन में इस दृश्य को देखने की कल्पना नहीं की थी।

मंदिर परिसर में चार दिनों से वैदिक अनुष्ठान जारी हैं। पुजारी बजरंग पांडे ने बताया कि यज्ञ का अंतिम चरण चल रहा है और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद यह आगे बढ़ेगा। श्रद्धालुओं ने इसे पांच सौ वर्षों की तपस्या और उम्मीदों का साकार होना बताया।

अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी है। प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार एटीएस कमांडो, एनएसजी स्नाइपर्स, साइबर विशेषज्ञों और विभिन्न तकनीकी टीमों सहित कुल 6970 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर क्षेत्र में उन्नत निगरानी तकनीक और ड्रोनरोधी प्रणालियां सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ही अयोध्या पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!