निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त, 6 यात्री घायल
राउरकेला. एक निजी एयरलाइन के छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से शनिवार को कम से कम 6 लोग घायल हो गए। ओडिशा के वाणिज्य और परिवहन मंत्री बी बी जेना ने यह जानकारी दी। जेना ने बताया कि 9 सीटों वाले एक निजी ए-1 विमान में छह यात्री सवार थे, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना राउरकेला से 10 किलोमीटर दूर जलदा में हुई। ईश्वर की कृपा से यह कोई बड़ी दुर्घटना नहीं है।
राउरकेला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश वधवानी ने बताया कि विमान में दो महिलाओं और दो पायलट सहित चार यात्री सवार थे। कैप्टन नवीन और कैप्टन तरुण विमान उड़ा रहे थे। एसपी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनमें कैप्टन नवीन और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। कैप्टन नवीन को सिर में चोट आई है। घायल हुए तीनों यात्रियों की पहचान सुशांत कुमार बिस्वाल, अनीता साहू, सुनील अग्रवाल और सविता अग्रवाल के रूप में हुई है। संबलपुर के दौरे पर गए मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को यात्रियों, पायलट और अधिकारियों को राज्य की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।


