एक क्लिक में पढ़ें बिलासपुर की ख़ास खबरें…

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम हेतु पंजीकृत लोक मंडलियों से आवेदन आमंत्रित : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत् जिले में पंजीकृत इच्छुक लोक मंडलियों एवं कला दलों द्वारा आवेदन आवश्यक दस्तावेज के साथ आमंत्रित किया गया है। इसके लिए आवश्यक आवेदन मय दस्तावेज नोडल अधिकारी राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।
सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के संबंध में बैठक 8 अक्टूबर को : संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा सिविल सेवायें (प्रारंभिक) परीक्षा 2021 10 अक्टूबर 2021 को दो सत्रों में प्रातः 9.30 बजे से 11.30 बजे तक एवं दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की प्राथमिक तैयारियों के संबंध में 8 अक्टूबर 2021 को दोपहर 12 बजे जिला कार्यालय स्थित मंथन सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है।
दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि : कलेक्टर बिलासपुर द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों के मासिक एवं दैनिक न्यूनतम वेतन, परिवर्तनशील महंगाई भत्ते का पुनः निर्धारण किया गया है। यह निर्धारण 1 अक्टूबर 2021 से 31 मार्च 2022 तक के लिये किया गया है। जारी आदेश के अनुसार अकुशल श्रेणी जोन ब के श्रमिकों को अब प्रतिमाह 9540 रूपये, और जोन ‘स’ के श्रमिकों को 9280 रूपये प्राप्त होगा। पार्ट टाइम चार घंटे काम करने पर जोन ब के श्रमिकों को 4470 रू. एवं जोन स के श्रमिकों को 4640 रू. मिलेंगे। इसी प्रकार अर्द्धकुशल श्रेणी जोन ब के श्रमिकों को 10190 और जोन स के श्रमिकों को 9930 रूपये प्रतिमाह प्राप्त होंगे। कुशल श्रेणी में जोन ब के श्रमिकों को 10970 और जोन स के श्रमिकों को 10710 रूपये मिलेंगे। उच्च कुशल श्रेणी में श्रमिकों जोन ब के श्रमिकों को 11750 रूपये और जोन स के श्रमिकों को 11490 रूपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी का प्रसारण 10 अक्टूबर को : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी की 22 वीं कड़ी का प्रसारण 10 अक्टूबर रविवार को होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लोकवाणी में इस बार जिला स्तर पर विशेष रणनीति से विकास की नई राह भाग-दो विषय पर प्रदेशवासियों से बातचीत करेंगे। लोकवाणी का प्रसारण छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्रों, एफ.एम. रेडियो और क्षेत्रीय समाचार चैनलों से सुबह 10.30 से 11 बजे तक होगा।