प्रदेश का सबसे बड़ा नान घोटाला करने वाले फर्जी आरोपों की राजनीति कर रहे : कांग्रेस

रायपुर. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार में प्रदेश में किसी तरह के भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं है। यदि कहीं कोई गड़बड़ी की शिकायत मिलती है तो फौरन कड़ी कार्यवाही की जाती है। छत्तीसगढ़ में घपलों घोटालों और कमीशनखोरी का खात्मा भाजपा सरकार के खात्मे के साथ ही हो चुका है। भाजपा अध्यक्ष को 15 साल के भाजपा के भ्रष्टाचार वाले दिन याद आ रहे है। जब मोवा धान घोटाला, कुनकुरी धान घोटाला, भाटापारा और गरियाबंद धान परिवहन घोटाला हुआ करता था, जिसमें स्कूटर में सैकड़ों टन धान का परिवहन भाजपा नेता का भतीजा करता था तथा घोटाला उजागर होने के बाद भाजपा सरकार कार्यवाही करने की हिम्मत नहीं दिखा पाती थी। भाजपा नेता का भतीजा फर्जी ट्रकों के नंबर से करोड़ों का धान संग्रहण केंद्र से उठा तो लिया लेकिन जमा नहीं करवाया। रमन सरकार अपने नेता के भतीजे को संरक्षण देती रही। आज भाजपा अध्यक्ष अपने नेताओं के पुराने घोटालों को याद कर फर्जी आरोप लगा रहे है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा नान घोटाला करने वाले हुआ हुआ चिल्ला रहे हैं। रमन सिंह की सरकार में गरीबों के चावल में डकैती कर घोटालेबाजी की गयी। 36 हजार करोड़ रुपये के नान घोटाले का हिस्सा हर भाजपाई सत्ताधारी तक पहुंचा था। नान घोटाले और कमीशनखोरी कर छत्तीसगढ़ को लूट-लूटकर देश भर में भाजपा के फाइव स्टार होटलों जैसे दफ्तर बनाये गये। भाजपाई विदेशों में खाता खोलते रहे पनामा पेपर में नाम आते रहे।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विष्णुदेव साय और भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरी है। भ्रष्टाचार का अंत हुआ है। प्रदेश का विकास हुआ है। जनता के हर वर्ग को न्याय मिल रहा है। शांति और कानून व्यवस्था सुचारू रूप से है तो भाजपा के सीने पर सांप लोट रहे हैं। भाजपा के आरोपों में दम है तो सबूत दें,जांच होगी, दोषी कोई हो कार्यवाही होगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!