जिले में किसानों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने 15 फरवरी तक चलेगा अभियान

बिलासपुर. 10 जिले में पशुपालन, डेयरी तथा  मछली पालन से जुड़े किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए ए.एच.डी.एफ.सी. किसान क्रेडिट कार्ड अभियान आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान 15 फरवरी 2022 तक चलेगा। इस विशेष अभियान के तहत जिले के पशुपालकों किसानों को ऋण प्रदान करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाया जायेगा। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम सें 1 लाख 60 हजार रूपए तक का ऋण प्राप्त करने के लिए कोलेटरल यानी जमीनी दस्तावेज या प्रसंस्करण इकाईयांे के साथ टाईअप की आवश्यकता नही होगी। जिले के ऐसे पशुपालक, मुर्गीपालक किसान जिन्होनें स्वयं की भूमि पर किराये या लीज पर लेकर शेड स्थापित किया हो वे किसान क्रेडिट कार्ड के लिए पात्र है। जिले के पशुपालकों को एक उन्नत दुधारू गाय के लिए अधिकतम  25 हजार 750 रूपए, एक दुधारू भैंस के लिए अधिकतम 31 हजार 250 रूपए ऋण की पात्रता होगी। इसी प्रकार एक युनिट बकरी या भेंड़ पालन के लिए अधिकतम 28 हजार 908 रूपए, एक युनिट सुकरपालन के लिए अधिकतम 39 हजार 480 रूपए तथा पोल्ट्री इकाई के लिए अधिकतम 10 हजार रूपए का ऋण प्रदान किया जायेगा। किसान क्रेडिट कार्ड के लिए जिले के पशुपालकों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शेड भूमि संबंधित दस्तावेज की फोटो काॅपी लानी होगी। इसी प्रकार मछलीपालन हेतु केसीसी के लिए फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, तालाब का नक्शा तथा भूमि संबंधित दस्तावेज की फोटोकाॅपी प्रस्तुत करना होगा। जिले के पशुपालक एवं किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए पशुधन विकास विभाग, दुग्ध महासंघ सहकारी समिति तथा मत्स्य पालन विभाग बिलासपुर के विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों से संपर्क कर योजना का लाभ उठा सकते है। जिले के पशुपालक किसान डाॅ. यशवंत डहरिया मस्तूरी मो. 99265-80435, डाॅ. ए.के. त्रिपाठी बिल्हा मो. 92296-63485, डाॅ. अजय पटेल तखतपुर मो. 88391-88455, डाॅ. अनिमेष जायसवाल कोटा मो. 93290-89218 पर संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!