सरकार ने लाखों किसानों का धान नहीं खरीदा
रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान खरीदी को लेकर कहा कि 75 दिन तक सरकार को धान खरीदी करना था जो कि 53 दिन में ही समाप्त कर दी गई, लाखों किसान धान बेचने से वंचित रह गए, हज़ारो किसानों को टोकन नहीं मिला जिन्हे मिला भी उनसे ज़बरदस्ती आधा धान बेचने के लिए सहमति बनाने के लिए दबाव बनाया गया। सरगुजा, बस्तर, कांकेर समेत अलग-अलग जिलों का मैंने दौरा किया वहां के किसानों से मुलाकत भी की। किसान धान बेचने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे और मुख्यमंत्री नौका विहार कर रहे थे। जो किसान क़र्ज़ लिए थे उनका भी सरकार ने धान नहीं ख़रीदा। ’सवाल इस बात का है सरकार किसानों से अब ऋण वसूली कैसे होगी ? मोदी की गारंटी पूरी तरह फेल हो गई है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मैंने पत्र भी लिखा है।
प्रदेश में शराब की क़ीमत बढ़ाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव में भाजपा ने शराबबंदी की बात कही थी। भाजपा ने शराब दुकानों की संख्या बढ़ा दी है और अब क़ीमत भी बढ़ा रहे है। प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ते जा रहा है। सरकार आम जनता को नशे में डुबो रही है। डबल इंजन की सरकार है, प्रदेश में ड्रग्स और गांजा कहां से आ रहा है? उड़ीसा में भी इनकी सरकार है फिर भी प्रदेश में नशा कहां से आ रहा है? उड़ता पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ को भाजपा उड़ता छत्तीसगढ़ बना रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजिम तनाव मामले में कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही। क़ानून नाम की कोई चीज नहीं है प्रदेश में। बीरनपुर में ज़ब हिंसा की घटना हुई थी तब अरुण साव वहां गए थे, क्या राजिम जाएंगे ?


