निगर निगम के नए सेटप के लिए महापौर ने मंत्री से की मुलाकात
बिलासपुर। नगर निगम पिछले छह सालों से एक नए सेटअप की मांग कर रहा है। हाल ही में महापौर पूजा विधानी ने उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से इस संबंध में मुलाकात की। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के लगातार रिटायर होने से स्टाफ पर काम का बोझ बढ़ रहा है, जिससे विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है।
साल 2019 में बिलासपुर नगर निगम के वार्डों का परिसीमन किया गया था। तब निगम का क्षेत्रफल 30 वर्ग किलोमीटर से बढक़र 133 वर्ग किलोमीटर हो गया था और वार्डों की संख्या 56 से बढक़र 70 हो गई थी। हालांकि, इस विस्तार के बावजूद न तो नए इंजीनियरों की नियुक्ति हुई और न ही अन्य स्टाफ बढ़ाया गया। रिटायरमेंट या तबादला के कारण जितने कर्मचारी गए, उनके बदले नए स्टाफ की भर्ती नहीं हुई। जोन कार्यालय विशेष रूप से इंजीनियरों की कमी से जूझ रहे हैं। जोन क्रमांक 1 की सहायक जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल ने बताया कि उनके जोन में छह वार्ड हैं, लेकिन सब इंजीनियर केवल एक है। कार्यकारी इंजीनियर (ईई) भी एक ही हैं, जिनके पास स्मार्ट सिटी और अन्य विभागों का अतिरिक्त प्रभार है। उन्होंने स्वीकार किया कि इंजीनियरों की कमी से कार्यों पर सीधा असर पड़ रहा है।


