बिहार की जनता ने एनडीए को दिए गए ऐतिहासिक जनादेश
बिहार विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 243 में से करीब 200 सीटों पर जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने की ओर अग्रसर है जबकि लगभग 90 प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है।
निर्वाचन आयोग के शाम सात बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की 243 विधानसभा सीटों में राजग 202 पर बढ़त बनाए हुए थी या जीत चुकी थी। दूसरी तरफ, विपक्षी महागठबंधन 35 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी या जीत चुकी थी। राजग के कई प्रमुख नेता और प्रदेश सरकार के मंत्री चुनाव जीत गए हैं। कृषि मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कुमार ने गया शहर सीट पर अपने लगातार जीत के क्रम को बरकरार रखा। 1990 से इस सीट पर काबिज कुमार ने कांग्रेस उम्मीदवार अखौरी ओंकार नाथ को 26,000 से अधिक मतों से हराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार चुनाव 2025 में एनडीए की जीत पार्टी और जनता द्वारा एनडीए सरकार के प्रति समर्थन का परिणाम है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत बिहार की जनता द्वारा एनडीए को दिए गए ऐतिहासिक जनादेश को स्वीकार करते हुए की और कहा, “बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया।” महागठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने राज्य को आश्वासन दिया कि कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी और राज्य भविष्य में अभूतपूर्व विकास देखेगा।


