मेस्सी के आगमन से पहले अरुण जेटली स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा
कोलकाता. मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में मची अफरा-तफरी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के अरुण जेटली स्टेडियम में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है, जहां उन्हें सोमवार को एक आयोजन में हिस्सा लेना है। अधिकारियों ने बताया कि अरुण जेटली स्टेडियम में मेस्सी का कार्यक्रम अपराह्न एक बजे से शाम चार बजे तक आयोजित किया जाएगा।
शनिवार को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेस्सी की झलक पाने में असमर्थ हजारों प्रशंसक सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए स्टेडियम में दौड़ पड़े, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मेस्सी के दौरे को देखते हुए व्यापक बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है, जिसमें भीड़ प्रबंधन, प्रवेश नियंत्रण और यातायात विनियमन पर खास ध्यान दिया जा रहा है।


