मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की मौजूदगी में राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में दिखा जबरदस्त क्रिकेट उत्साह

 

स्व. लखीराम अग्रवाल टी-20 प्रतियोगिता का रोमांचक समापन

बिलासपुर. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी की स्मृति में आयोजित टी-20 ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय लेकर उनका हौसला बढ़ाया और जिले के खेल प्रेमियों को बधाई दी। प्रतियोगिता में देश के 8 राज्यों की टीमों ने भाग लिया। जिसमें कई खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी तथा आईपीएल जैसे बड़े मंचों पर अपना हुनर दिखा चुके हैं। समापन मैच में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ़ और खड़गपुर के बीच फाइनल मैच खेला गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता अत्यंत सराहनीय है और उनहोंने स्व. लखीराम अग्रवाल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी से उनका विशेष आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने जीवन भर अद्भुत धैर्य और संघर्ष का परिचय दिया। उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और समाज सेवा के कार्याें में अपना जीवन समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे राज्यसभा सांसद के रूप में भी लंबे समय तक सक्रिय रहे। आज उनकी स्मृति में आयोजित इस टी-20 प्रतियोगिता में देश के 8 राज्यों से खिलाड़ी भाग ले रहे हैं और 9 दिनों तक चले इस आयोजन ने बिलासपुर के खेल प्रेमियों को एक नया उत्साह दिया है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लोग क्रिकेट के प्रति विशेष लगाव रखते हैं और बड़ी संख्या में मैदान में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हैं। उन्होंने प्रदेश में खेलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत प्रदेश में खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभी हमारा प्रदेश खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी भी कर रहा है। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों में लाखों खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो प्रदेश की खेल प्रतिभा को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने देश के दूसरे और दुनिया के चौथे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया और इसका नाम शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर रखा। यहां इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का आनंद दर्शक ले रहे है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ओलम्पिक खेलों में भी हमारे बेटे और बेटियां भाग ले इसके लिए हमारी सरकार द्वारा विशेष प्रयास किये जा रहे है। ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही प्रदेश में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर होते रहें, यही उनकी कामना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर की पावन धरा पर अटल परिसर का लोकार्पण करते हुए आज हम स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी को भावपूर्ण स्मरण कर रहे हैं। स्व. लखीराम अग्रवाल के योगदान को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। हम सभी उनके योगदान को गहरे सम्मान के साथ याद करते हैं। एक महान व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी उसके संस्कार होते हैं। यह हमारे लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि काका जी द्वारा सेवा और समर्पण के जो दीप जलाए गए थे, उन्हें आज उनकी अगली पीढ़ी उसी भावना के साथ आगे बढ़ा रही है। किसी भी पिता के लिए इससे बड़ा सम्मान क्या हो सकता है कि उसकी संतति भी समाज और जनता के बीच उसी समर्पण के साथ कार्य करे। आज उनकी स्मृति में आयोजित यह क्रिकेट प्रतियोगिता भी हमें उनके संघर्षमय जीवन की याद दिलाती है। क्रिकेट की तरह ही उन्होंने जीवन के हर क्षेत्र में अंतिम क्षण तक संघर्ष किया और कभी हार नहीं मानी। वे हम सभी के लिए प्रेरणा पुंज हैं और उनके विचार सदैव हमारे बीच जीवित रहेंगे। मैं इस आयोजन के लिए सभी आयोजकों और प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद श्री तोखन साहू सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का भी आभार जताया। श्री अग्रवाल ने आयोजन समिति, 8 राज्यों से आए खिलाड़ियों, खेल प्रेमी दर्शकों, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि बिलासपुर की मेजबानी में कोई कमी नहीं रहेगी।
कार्यक्रम में विधायक सर्वश्री धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, पूर्व सांसद श्री लखन लाल साहू, कमिश्नर श्री सुनील जैन, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, श्री दीपक सिंह, श्री मोहित जायसवाल, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी श्री राजेश चौहान मौजूद रहे। साथ ही कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री प्रवीण दुबे सहित पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!