VIDEO : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की कमजोरी नाप रही है आम आदमी पार्टी : डॉ. रमन सिंह

बिलासपुर/अनिश गंधर्व. देश में कांग्रेस पार्टी दो राज्यों में सीमित होकर रह गई है। आगामी चुनाव में कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। आम आदमी पार्टी छ.ग. में कांग्रेस की कमजोरी को नाप रही है। राज्य में चारों ओर असंतोष फैला हुआ है। कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में एक भी काम देखने को नहीं मिला है। उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कही है। वे बुधवार 20 अप्रैल को बिलासपुर प्रवास पर आये हुये थे। छत्तीसगढ़ भवन में उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की। इसके बाद भाजपा के दिवंगत नेता बद्रीधर दीवान के घर में आयोजित भागवत कथा में शामिल हुए।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नितीन गडकरी छत्तीसगढ़ में दस हजार करोड़ की सौगात देने आ रहे हैं, उनके हाथों नेशनल हाईवे सहित अन्य योजनओं का शुभारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी केन्द्रीय मंत्री का अगर आगमन होता है तो फायदा ही होता है। कांग्रेस के पास मुद्दे ही नहीं रह गये हैं। इसलिये केन्द्रीय मंत्रियों के आगमन पर बयान बाजी कर रहे हैं। राज्य की भूपेश सरकार नरवा-घुरवा अउ बाड़ी में साढ़े तीन साल गंवा चुकी है। आम आदमी पार्टी कांग्रेस की कमजोरी जान चुकी है, इसलिये आप का पूरा फोकस छ.ग. में है। सरकार के खिलाफ गांवों से लेकर शहर तक आंदोलन का दौर शुरू हो गया है।

खैरागढ़ उपचुनाव जीतने के लिये कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं थे। सर्वे रिपोर्ट में कांग्रेस दस हजार मतों से हार रही थी। इसलिये चुनाव में जिला बनाने का फार्मूला अपनाकर कांग्रेस चुनाव जीत सकी है। किसी भी उपचुनाव के दौरान घोषणा नहीं की जाती लेकिन कांग्रेस ने हार के भय से घोषणा कर खैरागढ़ में जीत कर आई है। बंगाल में हुए चुनाव में तो कांग्रेस खाता ही नहीं खोल पाई। राजस्थान और छ.ग. में आगामी चुनाव में कांग्रेस का सफाया होना तय है। छत्तीसगढ़ भवन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और चर्चा भी की। इस दौरान पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, मस्तूरी कृष्ण मूर्ति बांधी, विधायक रजनीश सिंह, पूर्व महापौर किशोर राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत के अलावा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सहित पदाधिकारी और भाजपा के पार्षद उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!