VIDEO – जन जागरण पदयात्रा : छ.ग. से पूरे देश में अच्छा संदेश जाये : विजय पाण्डेय

बिलासपुर/अनिश गंधर्व. केन्द्र सरकार द्वारा लगातार महंगाई बढ़ाई जा रही है। आम आदमी की कमर महंगाई ने तोड़ दी है। 14 नवंबर से 29 नवंबर तक राज्य में कांग्रेस पार्टी द्वारा जन-जागरण अभियान पदयात्रा निकालकर आम जनता के बीच विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आज चिंगराजपारा के बहतराई चौक में कांग्रेसियों ने केन्द्र द्वारा की जा रही मनमानी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शहर विधायक शैलेश पाण्डेय, महापौर रामशरण यादव, शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय, ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष  विनोद साहू, बृजेश साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

बहतराई चौक में कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने कहा कि 22 नवंबर को दोपहर 3 बजे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के जबड़ापारा, इरानी मोहल्ला, रामायण चौक, रपटा चौक होते हुए लिंगियाडीह तक जन जागरण पदयात्रा को लेकर अभियान चलाया जायेगा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश सचिव चंदन यादव उपस्थित रहेंगे। शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने  कांग्रेसियों से अनुरोध किया है कि 22 नवंबर को केन्द्र सरकार की नीति रीति के खिलाफ जोरदार विरोध किया जाएगा, छ.ग. से पूरे देश में अच्छा संदेश जाये।

कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घोषणा पत्र में किये गए 36 वादों में 25 को पूरा कर लिया  है और जल्द ही बाकी समस्त वादों को पूरा कर लिया जाएगा। केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा महंगाई को बढ़ावा दिया जा रहा है, मुनाफाखोरी की जा रही है, 4 लाख करोड़ केवल पेट्रोल से लाभ केन्द्र ने अर्जित कर ली है। आम जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिये 5 व 10 रूपये कीमत घटाकर धोखा कर रही है। मोदी सरकार अपने दल के विधायकों, जनप्रतिनिधियों से महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। हाथरस, उन्नाव, कठुआ की घटना इसके उदाहरण है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा नेताओं ने प्रत्येक खाते में 15 लाख रूपये देने का वादा किया था। केन्द्र की नीति रीति से देश में आर्थिक व्यवस्था डगमगा गई है। देश में कृषि कानून और सीमा की सुरक्षा में मोदी सरकार पूर्ण रूप से विफल हो चुकी है। इन्हीं सब बातों को आम जनता के बीच रखने के लिये कांग्रेस पार्टी द्वारा जन जागरण अभियान पदयात्रा निकाली जा रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!