अधिकारियों ने स्टेशन परिसर की सफाई कर लोगों को स्वच्छता ही सेवा का संदेश दिया

बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों में आज 11 सितंबर 2019 को स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत रेलवे परिसरों से प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग के निषेध हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया। सिंगल यूज प्लास्टिक को रेलवे परिसर में पूर्णतया प्रतिबंधित करने हेतु यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। रेलवे क्षेत्र में 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाली प्लास्टिक को पूर्णतया प्रतिबंधित किया गया है।

इसी कड़ी में आज  प्रात 11 बजे मंडल रेल प्रबंधक श्री आर.राजगोपाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सौरभ बंदोपाध्याय के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान में प्लास्टिक हटाओ देश बचाओ के तहत बिलासपुर स्टेशन परिसर में रैली निकालकर यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नही करने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक एवं अधिकारियों ने प्लेटफार्म, यात्री प्रतिक्षालय, अनारक्षित टिकट घर में यात्रियों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाली दुष्प्रभावों को बताते हुउ यात्रियों के मध्य कंडम लिनेन से बनाये गए थैले का वितरण किया गया साथ ही यात्रियों से सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नही करने तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाये रखने का आग्रह भी किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा केटरिंग स्टाल के कर्मचारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के थैलों का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान गाडी संख्या 12823 निजामुद्दीन-दुर्ग संपर्कक्रांति एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में स्वच्छता का निरीक्षण किया गया तथा शयनयान कोच के यात्रियों के मध्य कपडे के थैले बांटे गए तथा यात्रियों से संवाद कर उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक के थैले का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा स्टेशन परिसर के सरकुलेटिंग क्षेत्र में श्रमदान के तहत साफ-सफाई कर यात्रियों को स्वच्छता जागरूकता हेतु प्रेरित भी किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.जी.के चक्रवर्ती, वरि.मंडल यांत्रिक अभियंता(समन्वय) श्री ललित धुरंधर, वरि.मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) श्री पुलकित सिंघल, वरि.मंडल संरक्षा अधिकारी श्री विकास कश्यप, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री किशोर निखारे सहित मंडल के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, सुपरवाइजर, सफाईकर्मी आदि उपस्थित रहे।

इसके अलावा मंडल के चांपा, रायगढ, कोरबा एवं शहडोल स्टेशनों में रैली निकालकर स्टेशनों एवं गाडियों के यात्रियों को  प्लास्टिक हटाओ देश बचाओ का संदेश दिया गया। साथ ही यात्रियों को कपडे के थैले बांटकर यात्रियों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया गया। इस अभियान में स्कूली बच्चों ने भी सहभागिता कर मानव श्रृखला बनाकर यात्रियों को प्लास्टिक से दूर रहने का आग्रह किया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!