एक क्लिक में पढ़े बिलासपुर की ख़ास ख़बरें…

रोजगारमूलक गतिविधियों का केन्द्र बना मोपका गौठान : मोपका गौठान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक आदर्श मल्टीएक्टीविटी सेंटर के रूप में विकसित हो गया है। जहां महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं एक साथ कई गतिविधियां संचालित कर रही हैं। समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो कर अब परिवार की धुरी बन गयी हैं। गौठान संचालन समिति के अलावा यहां 03 महिला स्वसहायता समूह भी आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में संलग्न हैं। 12 एकड़ रकबे में फैले इस गौठान में 300 गाय एवं 6 शेड हैं। यहां पशुओं को पीने के लिये पानी और खाने के लिये पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पशुओं को धूप और बरसात से बचाने के लिये सुसज्जित 6 शेड बनाए गए हैं। इस गौठान में 3 महिला स्व-सहायता समूह मां गंगा, मां अन्नपूर्णा एवं मां तुलसी स्व-सहायता समूह हैं, जिसमें कुल 33 महिलाएं कार्यरत हैं। समूह की महिलाओं द्वारा गौकाष्ट बनाया जा रहा है। जिसका उपयोग तोरवा मुक्तिधाम में किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को नुकसान भी नहीं होता है। समूह की महिलाओं द्वारा गोनाईल भी बनाया जा रहा है। अब तक 250 लीटर गोनाईल बनाया गया है। जिसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है। इसके अलावा गौठान में गोधन न्याय योजना से खरीदे गये गोबर से वर्मी खाद के साथ-साथ दीये, सजावटी सामान, गमले भी समूह की महिलाओं द्वारा बनाया जा रहा है। दीपावली के दौरान समूह ने गोबर के दीये बेचकर अच्छा-खासा मुनाफा कमाया था।
समूह की महिलाएं अब आर्थिक रूप से स्वावलंबी हो गयी हैं। उनके बनाये उत्पादों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। गौठान बनने से मोपका के लोगों को भी फायदा हुआ है। गांव वाले कहते हैं कि एक ही जगह पर गांव के सभी पशुओं के लिये चारे-पानी की व्यवस्था हो जाने से चरवाहों को अब पशुओं को लेकर दूर-दूर तक नहीं घूमना पड़ता। उन्होंने बताया कि खेतों में लगी फसलों को जानवरों द्वारा चर लेने की समस्या भी गौठान निर्माण से दूर हो गयी है।
फरार आरोपी की सूचना देने वाले को मिलेगा पुरस्कार : पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया गया है कि थाना हिर्री जिला बिलासपुर छ.ग. के अपराध क्रमांक 135/2020, धारा 376(2)एन भादवि.6 पाक्सो एक्ट के प्रकरण में आरोपी अभय गेंदले पिता सतन गेंदले, निवासी ग्राम धौराभाठा थाना हिर्री के द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध बनाने की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी घटना दिनांक से फरार हैं, जिनकी पतासाजी का हरसंभव प्रयास किया गया है किंतु फरार आरोपीगण का अब तक कोई पता नहीं चला है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा यह घोषणा की गई है कि इन फरार आरोपियों के बारे में कोई सूचना देगा तो उन्हें 5 हजार रूपये का पुरस्कार दिया जायेगा। सूचना देने वाले का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के दूरभाष क्रमांक 07752-223330 व मोबाईल नंबर 94791-93001, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बिलासपुर के दूरभाष क्रमांक 07752-222191 व मोबाईल नंबर 94791-93002, नगर पुलिस अधीक्षक, चकरभाठा के मोबाईल नंबर 99772-10786, पुलिस नियंत्रण कक्ष बिलासपुर के दूरभाष क्रमांक 07752-228504 व मोबाईल नंबर 94791-93099 तथा थाना प्रभारी हिर्री दूरभाष क्रमांक 07752-259388 व मोबाईल नंबर 94791-93042 पर संपर्क किया जा सकता है।
शिक्षक संवर्ग पर सीधी भर्ती के लिये विस्तृत दिशा-निर्देश जारी : शिक्षक संवर्ग की भर्ती हेतु व्यापम द्वारा जारी प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रावधिक चयन सूची तैयार किये जाने पर एक ही अभ्यर्थी का नाम विभिन्न संभाग या जिले में आने की संभावना है, ऐसी स्थिति में संभाग या जिले हेतु निर्धारित पदों की शत-प्रतिशत भर्ती में विलंब होने की संभावना को देखते हुए शिक्षक पद पर नियुक्ति हेतु संभाग की प्राथमिकता का क्रम तथा सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति हेतु जिले की प्राथमिकता का क्रम अभ्यर्थियों से प्राप्त किया जा रहा है। संभाग या जिले की प्राथमिकता निर्धारण करने हेतु अभ्यर्थियों के लिये 10 दिन का समय बढ़ाया गया है। शिक्षक पद हेतु 7 जनवरी 2021 तक, सहायक शिक्षक पद हेतु 11 जनवरी 2021 तथा सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला पद हेतु 12 जनवरी 2021 तक प्राथमिकता निर्धारण के लिये तिथियां बढ़ाई गई हैं। संभाग स्तर पर प्रथम चरण में आरक्षणवार संख्या में अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि पर भेजा जाएगा। नियुक्ति की शर्तों के अनुसार परीक्षण उपरांत दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर नियुक्ति के संबंध में पोर्टल के माध्यम से पत्र प्रिंट कर अभ्यर्थी को प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार दस्तावेज पूर्ण नहीं होने की स्थिति में भी स्पष्ट कारण का उल्लेख करते हुए पोर्टल के माध्यम से पत्र प्रिंट कर अभ्यर्थी को प्रदान किया जाएगा। सत्यापन हेतु उपस्थित प्रत्येक अभ्यर्थी से निर्धारित प्रारूप में वचन पत्र भी प्राप्त किया जाएगा। व्यापम की परीक्षा में शिक्षक पंचायत/नगरीय निकाय संवर्ग के कर्मचारी भी परीक्षा में प्रविष्ट हुए थे जो मेरिट में स्थान प्राप्त किए है। एक नवंबर 2020 को शिक्षक पंचायत या नगरीय निकाय संवर्ग का जिनकी सेवायें 2 वर्ष पूर्ण हो चुकी थी उनका संविलयन शिक्षा विभाग में किया जा चुका है, इसलिये ऐसे अभ्यर्थी को पुनः समान कैडर के पद में नियुक्ति नहीं दी जाएगी। इसी प्रकार जिला स्तर पर प्रथम चरण में आरक्षणवार संख्या में अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन हेतु निर्धारित तिथि पर भेजा जाएगा। नियुक्ति की शर्तों के अनुसार परीक्षण उपरांत दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर नियुक्ति के संबंध में पोर्टल के माध्यम से पत्र प्रिंट कर अभ्यर्थी को प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार दस्तावेज पूर्ण नहीं होने की स्थिति में भी स्पष्ट कारण का उल्लेख करते हुए पोर्टल के माध्यम से पत्र प्रिंट कर अभ्यर्थी को प्रदान की जाएगी। सत्यापन हेतु उपस्थित प्रत्येक अभ्यर्थी से निर्धारित प्रारूप में वचन पत्र भी प्राप्त किया जाएगा। व्यापम की परीक्षा में शिक्षक पंचायत या नगरीय निकाय संवर्ग के कर्मचारी भी सम्मिलित हुए थे जो मेरिट क्रम में भी है। प्रथम चरण में पद की संख्या के अनुसार अभ्यर्थी नियुक्ति हेतु पात्र नहीं पाए जाने पर उपरोक्तानुसार पुनः मेरिट क्रम में सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। निर्धारित शर्तों का पालन किया जाएगा। नियुक्ति आदेश जारी करते समय निहित प्रावधान तथा सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। सहायक शिक्षक के पद पर भर्ती हेतु बस्तर संभाग एवं सरगुजा संभाग अंतर्गत आने वाले जिलों एवं कोरबा जिले में माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में विचाराधीन याचिका क्रमांक 1081/2020 में पारित अंतरिम आदेश द्वारा नियुक्ति हेतु रोक लगाई गई है। अतः इन जिलों में नियुक्ति हेतु सत्यापन की कार्यवाही नहीं की जायेगी। नियुक्ति आदेश में यह स्पष्ट लेख होगा कि नियुक्ति किसी भी न्यायालय में लंबित अथवा भविष्य में दायर किसी भी प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अध्याधीन होगी। अभ्यर्थियों द्वारा वेबसाईट पर प्राथमिकता क्रम निर्धारण हेतु संभाग एवं जिला कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित की जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी मार्गदर्शन हेतु उपस्थित होता है तो उसे आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
संभागीय कोविड अस्पताल से आज डिस्चार्ज हुआ एक मरीज : सिविल सर्जन सह अस्पताल मुख्य अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज संभागीय कोविड अस्पताल बिलासपुर में भर्ती एक मरीज को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अस्पताल में 6 नये मरीज भर्ती किए गए हैं। जिनमें बिलासपुर के 5 तथा कोरिया का एक मरीज शामिल है। वर्तमान में कोविड अस्पताल में 16 मरीज भर्ती है जिसमें 12 पुरूष और 4 महिला हैं। भर्ती मरीजों में बिलासपुर के 14 और एक-एक मरीज जांजगीर-चांपा तथा कोरिया जिले के हैं। अभी तक 1607 मरीजों को भर्ती किया जा चुका है, जिसमें से 1439 मरीज डिस्चार्ज, 54 मरीज रिफर तथा 98 मरीजों की मृत्यु हुई है।