त्रिवेणी में रुके प्रवासी मजदूरों का कुशल क्षेम पूछा कलेक्टर


बिलासपुर. कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने  त्रिवेणी सभागार में रुके प्रवासी  मजदूरों की कुशल क्षेम पूछी और उन्हें स्थानीय स्तर पर काम दिलाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने मुस्लिम मजदूरों के लिये रमजान को देखते हुए की गई विशेष व्यवस्था की भी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि विगत 23 मार्च को लॉकडाउन लागू होने के बाद केरल से आये 65 मजदूरों को ट्रेन सेवाएं बंद होने के कारण बिलासपुर के त्रिवेणी भवन, व्यापार विहार में ठहराया गया है। इनमें 50 श्रमिक पश्चिम बंगाल से, 7 असम से एवं अन्य श्रमिक बिहार, उत्तरप्रदेश तथा मध्यप्रदेश राज्यों के हैं। कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने आज नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय के साथ त्रिवेणी सभागार पहुंचकर इन मजदूरों का हाल-चाल जाना। मजदूरों ने अपने-अपने घर जाने की इच्छा व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि हालत सामान्य होते ही उन्हें उनके घर भेजने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक वे यहां पर हैं, उनके लिए उपयुक्त कार्य की व्यवस्था की जा सकती है। कलेक्टर को नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन श्रमिकों में 40 मुस्लिम समुदाय से हैं, जिन्हें रमजान के दौरान रोजा रखने के लिए पूरी सुविधायें दी जा रही हैं। सुबह सहरी के लिए वे स्वयं खाना बनाते हैं। नगर निगम द्वारा इसके लिए बर्तन, गैस सिलेन्डर, चावल, आटा, दाल, तेल, पोहा, मुर्रा, फल, सब्जी, मटर, चना, शक्कर, नींबू की व्यवस्था की गई है। नगर निगम द्वारा प्रतिदिन सभी मजदूरों को भोजन, चाय व नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर निगम के चिकित्सक आकर प्रतिदिन इनके स्वास्थ्य की जांच भी कर रहे हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!