प्रेमिका को मौत के घाट उतार कर भागने वाला आरोपी आशिक गिरफ्तार

बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के राजस्व कॉलोनी में दो दिन पूर्व एक छात्रा को चाकू से वारकर मौत के घाट उतार कर फरार होने वाले आरोपी आशिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए आरोपी प्रेमी कृष्णा(डब्बू) तिवारी के गिरफ्तारी की खबर है। बताया जा रहा है मुंगेली के सरगांव से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल बिल्हा के मुढ़ीपार निवासी प्रियंका श्रीवास जो कि शहर के दयालबंद के अपने रिश्तेदार के यहां रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। कोनी निवासी कृष्णा तिवारी उर्फ डब्बू तिवारी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। 21 अगस्त देर शाम प्रियंका डब्बू से मिलने सरकंडा स्थित बॉयज हॉस्टल पहुंची थी। जहां डब्बू किराए से रहता था। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ जिसके बाद डब्बू ने चाकू से गोद कर प्रियंका को मौत के घाट उतार दिया था। वारदात के बाद डब्बू फरार था। पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। बताया जा रहा है डब्बू प्रियंका से शादी करना चाहता था। लेकिन प्रियंका के घर वाले इस रिश्ते से राजी नहीं थे। प्रियंका भी घर वालों के खिलाफ जाकर शादी नहीं करना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। वारदात के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ और डब्बू ने प्रियंका को मौत के घाट उतार दिया। सरगांव से पुलिस डब्बू को लेकर बिलासपुर सरकंडा थाना के लिए रवाना हो गई है। जहां सरकंडा पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।