March 8, 2020
यात्रियों को दी गई महिला सशक्तीकरण एवं सुरक्षा जागरुकता का संदेश
बिलासपुर.भारतीय रेलवे द्वारा 10 दिनी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केंपेन के तहत महिला सशक्तीकरण की दिशा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत 06 मार्च 2020 को नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट सभागार में लैंगिक समानता विषय पर सेमीनार का आयोजन किया गया था। इसी कडी में आज दिनांक 07 मार्च 2020 को बिलासपुर स्टेशन में रेलवे के महिला कर्मचारियों द्वारा नुक्कड नाटक का आयोजन सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती अपर्णा सहाय की मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री आलोक सहाय, मंडल कार्मिक अधिकारी श्री लिंगराज राउत, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री किशोर निखारे, मजदूर कांगे्रस के मंडल समन्वयक श्री बी.कृष्णकुमार, श्री डी.के.स्वाइन सहित महिला कर्मचारी एवं यात्रीगण उपस्थित थे। नुक्कड नाटक की जीवंत प्रस्तुति के माध्यम से गाडियों में महिला यात्रियों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सुरक्षा आदि के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। साथ ही पुरूष यात्रियों को महिलाओं के लिये आरक्षित कोचों में नही बैठने तथा महिला यात्रियों के साथ मधुर व्यवहार करने हुये उनकी सहायता करने का संदेश दिया गया। महिला यात्रियों को असुरक्षा की स्थिति में सुरक्षा हेल्पलाइन नं. 182 का प्रयोग कर मदद लेने का आहवान किया गया। साथ ही यात्रियों से आग्रह किया गया कि वे सभी से समानता का व्यवहार कर महिला सशक्तीकरण में अपनी भागीदारी भी निभायें। यात्रियों को लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तीकरण के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया।