May 22, 2020
राजीव गांधी किसान न्याय योजना का हुआ शुभारंभ, पंजीकृत किसानों को मिली राशि
बलरामपुर/धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी. राज्य शासन ने राजीव गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना का शुभारंभ किया। कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न परिस्थिति को देखते हुए शासन द्वारा योजना का ऑनलाईन शुभारंभ किया गया। जिले के एन.आई.सी. स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम में विधायक बृहस्पत सिंह, नगर पंचायत के अध्यक्ष गोविन्द राम, कलेक्टर संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरीष एस., उप संचालक कृषि अजय अनंत ऑनलाईन जुड़कर इस योजना शुभारंभ के साक्षी बनें। कृषकों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना प्रारंभ की गई है। बलरामपुर की बड़ी आबादी कृषि कार्य से जुड़ी हुई है, इससे जिले के किसान इस योजना से लाभान्वित होगें।
जिले के लगभग 25 हजार 500 से अधिक पंजीकृत किसानों को इस योजना के माध्यम से 21 करोड़ 72 लाख 32 हजार रूपये की राशि सीधे उनके खाते में प्राप्त हुई है। इस अवसर पर विधायक श्री बृहस्पत सिंह बताया कि योजना किसानों के हितों की रक्षा करेंगा और किसानों को उनका लाभ सीधे पहुंच पाएगा। शासन का यह निर्णय किसानों के लिए साकारात्मक परिणाम लाएगा, जिससे किसानों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा तथा किसानों को इस योजना का सम्पूर्ण लाभ प्राप्त होगा।