रिवरव्यू सड़क के लिए बेदखल किए जाने वाले परिवारों को नोटिस तामील कराने पुलिस बल उतरा मैदान में
बिलासपुर. बिलासपुर शहर में अरपा नदी के किनारे प्रस्तावित रिवर व्यू सड़क के निर्माण के लिए शहर के तिलक नगर, सरकंडा और गोंडपारा समेत कुछ और मोहल्लों के नदी किनारे बसे छह-सात सौ से अधिक लोगों को बेदखल करने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इस समय रिव्हर व्यू का निर्माण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसलिए कोरोना महामारी के संकट और सर पर आई बारिश को नजरअंदाज करते हुए नदी किनारे बसे 700 परिवारों को बेदखल करने की तैयारी है। आज इसी क्रम में पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग के लोग तिलक नगर में नदी किनारे रहने वाले लोगों के घरों में नोटिस तामील करा रहे हैं। कल बहुत से लोगों ने नोटिस देने से इनकार कर दिया था।इसे देखते हुए प्रशासन ने आज इस काम में पुलिस बल की मदद भी ले ली है। आज सुबह से राजस्व विभाग और पुलिस बल के लोग तिलक नगर में घरों-घर जाकर नोटिस तामील करा रहे हैं।