तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप, 16 की मौत, 339 मकान ढहे

 

 

बीजिंग. चीन के तिब्बत क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम 7.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 54 अन्य घायल हो गए तथा क्षेत्र के उत्तरी हिस्से में स्थित नागकू शहर में सैकड़ों मकान ढह गए। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

नागकू के मीडिया कार्यालय ने शहर के अधिकारियों के हवाले से बताया कि कम से कम 339 मकान और पशुओं के 20 बाड़े ढह गए हैं। इसके बाद खोज एवं बचाव अभियान जारी है। बचाव कार्यों के लिए स्थानीय कस्बे के 1,600 से अधिक लोगों को तैनात किया गया।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 10 बजकर 33 मिनट पर आया। इसका केंद्र तिब्बत के उत्तरी हिस्से में नागकू से 191 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में स्थित एक कम आबादी वाले लेकिन ऊंचाई वाले इलाके में जमीन से 18 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

अमेरिकी एजेंसी ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि भूकंप के बाद कम से कम सात झटके और आए, जिनकी तीव्रता 4.3 से 5.2 के बीच थी। इन सभी झटकों का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के कुछ हिस्सों में संचार सेवाएं ठप हो गई हैं। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने आपात कदम उठाते हुए क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *