पोड़ी उपरोड़ा बीईओ कार्यालय का बाबू 40 हजार रिश्वत लेते  गिरफ्तार

 कोरबा. भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार को अपरान्ह एसीबी की बिलासपुर इकाई ने कोरबा जिले में एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। पोड़ी उपरोड़ा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ बाबू प्रदीप मिश्रा को इसी माह सेवानिवृत्त होने वाले एक प्रधान पाठक से 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बाबू ने यह घूस जीपीएफ पासबुक में कटौती की एंट्री करने के नाम पर मांगी थी। शिकायतकर्ता शिक्षक अमृत लाल बघेल वर्तमान में करतला ब्लॉक के प्राथमिक शाला रोगदा में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं और इसी महीने (मई 2026) सेवानिवृत्त होने वाले हैं। पूर्व में उनकी पदस्थापना पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में थी। उस अवधि की जीपीएफ कटौती राशि की प्रविष्टि पासबुक में कराने के लिए उन्होंने अपनी पासबुक बीईओ कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा के बाबू प्रदीप मिश्रा के पास जमा की थी। जब प्रधान पाठक पासबुक की जानकारी लेने पहुंचे, तो आरोपी बाबू प्रदीप मिश्रा ने एंट्री करने के एवज में 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। प्रधान पाठक रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत एसीबी बिलासपुर से कर दी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!