झमाझम बारिश के बीच महिला यात्रियों और स्टाफ ने कराया सुरक्षित प्रसव

 

कोरबा।कोरबा से पटना जा रही राजहंस स्लीपर बस में सफर के दौरान एक नवविवाहिता ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मूसलाधार बारिश और रात के घने अंधेरे के बीच बस में मौजूद महिला यात्रियों और बस स्टाफ की सूझबूझ व तत्परता से चलती बस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। राहत की बात यह है कि मां और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुनती देवी ने कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह किया था। वह अपने पति के साथ राजहंस बस में सवार होकर कोरबा से अपने ससुराल पटना जा रही थीं। यह उनका पहला बच्चा था। बीती रात करीब 11 बजे बस अभी अंबिकापुर से आगे पहुंची ही थी कि सुनती देवी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की तड़प और दर्द को बढ़ते देख बस चालक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सडक़ किनारे सुरक्षित जगह पर रोक दिया। तेज बारिश के बीच संकट की इस घड़ी में बस में सफर कर रही सुनती देवी नाम की ही एक अन्य महिला यात्री और दूसरी महिला सवारियां देवदूत बनकर आगे आईं। महिलाओं ने बस के भीतर ही मोर्चा संभाला और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित प्रसव कराया। किलकारी गूंजते ही पूरी बस तालियों और खुशी से चहक उठी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *