लगातार बारिश से महानदी का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने सुरक्षित रहने की अपील


शिवरीनारायण। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश का असर अब महानदी के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार हो रही वर्षा के कारण महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही आसपास के छोटे-बड़े नदी-नाले भी उफान पर हैं, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों और संपर्क मार्गों पर पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित होने लगी है। नदी-नालों में तेज बहाव के कारण पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने की आशंका भी बढ़ गई है। ऐसे में ग्रामीणों को आवागमन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें। पुल-पुलियों के ऊपर पानी होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और बच्चों को नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से रोकें। साथ ही मछली पकडऩे, स्नान करने या सेल्फी लेने के उद्देश्य से नदी किनारे जाने से भी बचने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। यदि वर्षा का क्रम इसी प्रकार बना रहा, तो महानदी का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें। पुल-पुलियों पर पानी होने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें। प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें।
——

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *