रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग, लावारिस बैगों से हथियार बरामद

 

 बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों पर विशेष निगरानी
जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान चांपा, अकलतरा, नैला और कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग पुलिस टीमों ने मोर्चा संभालते हुए यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच की। पुलिस ने विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई है। चेकिंग के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियारों को सुरक्षित कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है। अभियान के दौरान यात्रियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें और किसी भी लावारिस बैग अथवा संदिग्ध वस्तु को न छुएं। पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि रेलवे में सफर के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार अपने साथ न रखें। बिना वैध अनुमति हथियार रखना अथवा उसका परिवहन करना कानूनन अपराध है। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या लावारिस बैग की जानकारी तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को देने की अपील की गई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *