बारिश ने खोली गेवरा खदान की सुरक्षा व्यवस्था की पोल, पानी में बहा रेस्ट शेल्टर
कोरबा । दो दिन पूर्व क्षेत्र में अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सुरक्षा और जल निकासी प्रबंधन के दावों की हवा निकाल दी। बारिश के भारी स्पेल के दौरान एसईसीएल की सबसे बड़ी गेवरा खदान के भीतर पानी का तेज बहाव आया, जिसकी चपेट में आकर खदान में कर्मचारियों के लिए बना एक रेस्ट शेल्टर देखते ही देखते बह गया और खदान के नीचे हिस्से में जा समाया।
गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना घटी, उस वक्त शेल्टर में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, खदान के भीतर तेज गति से बहते पानी और जमींदोज होते शेल्टर के दृश्य ने माइंस परिसर में हडक़ंप मचा दिया। इस घटना ने दो साल पहले जुलाई माह में मानसून के दौरान कुसमुंडा खदान में घटे लगभग ऐसे ही एक दुखद हादसे की कड़वी यादें फिर से ताजा कर दी हैं। उस समय खदान के भीतर अचानक आए पानी के तेज बहाव में फंसकर एक होनहार युवा अधिकारी की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य कर्मचारी जैसे-तैसे अपनी जान बचाने में सफल रहे थे। गेवरा खदान में घटित इस ताजा घटना के बाद खदान में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों के बीच चिंता का माहौल व्याप्त हो गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
खदानों में मानसूनी बारिश और जलभराव से निपटने के लिए एसईसीएल द्वारा हर साल भारी-भरकम बजट और दावों की घोषणा की जाती है। इसके बावजूद बारिश के पानी के इस तरह खदान के भीतर तबाही मचाने से प्रबंधन के मानसून प्रिपैर्डनेस (पूर्व तैयारियों) पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ड्रेनेज सिस्टम की विफलता
खदान के ऊपरी हिस्सों और साइड ढलानों से आने वाले पानी को सुरक्षित मार्ग से बाहर निकालने का ड्रेनेज प्लान सही साबित नहीं हो रहा है। खदान के भीतर रेस्ट शेल्टर और वर्कशॉप जैसी अस्थाई संरचनाओं का निर्माण पानी के संभावित बहाव वाले रास्तों में क्यों किया जा रहा है?
कर्मचारियों में भय का माहौल
श्रमिक नेताओं का कहना है कि कुसमुंडा की त्रासदी से सबक लेने के बजाय प्रबंधन केवल औपचारिकता निभा रहा है। यदि गेवरा के रेस्ट शेल्टर में उस वक्त मजदूर विश्राम कर रहे होते, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे। कर्मचारियों ने मांग की है कि खदान के भीतर जल निकासी के रास्तों का पुनर्मूल्यांकन किया जाए और सभी अस्थाई रेस्ट शेल्टरों की सुरक्षा की तुरंत समीक्षा की जाए।


