साइबर ठगी से बचने सतर्कता क सबसे जरूरी हथियार: एसएसपी
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को किया जागरूक
बिलासपुर। बिलासपुर मंडल की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट सभागार में विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें साइबर अपराध की पहचान, रोकथाम और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने साइबर ठगी के बदलते तरीकों और अपराधियों द्वारा अपनाई जाने वाली रणनीतियों की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों को संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज, ई-मेल या लिंक पर बिना सत्यापन प्रतिक्रिया नहीं देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम या डेबिट कार्ड पिन और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन से भी बचने की सलाह दी गई। सीएसपी गगन कुमार ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से ठगी के मामलों में कार्रवाई करने में मदद मिलती है। सेमिनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक जेएस मीना, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पूनम चौधरी, डीएसपी सुदीप सरकार सहित रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


