मांदर की थाप पर थिरके करमा दल, खजुरी का जय महामाया दल बना जिला विजेता
विधायक सुशांत शुक्ला ने किया शुभारंभ, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 16 नवंबर को विजेता दलों को करेंगे सम्मानित
बिलासपुर. जरहाभांठा स्थित पीएमटी आदिवासी छात्रावास भवन परिसर में जिला स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल भी कलाकारों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे। अतिथियों और दर्शकों ने मांदर की थाप, पारंपरिक गीतों और लयबद्ध कदमों के साथ प्रस्तुत करमा नृत्य का आनंद उठाया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों से परिसर जनजातीय संस्कृति के रंगों में सराबोर हो उठा।
प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर विजेता रहे चार करमा दलों ने भाग लिया। तखतपुर विकासखंड के ग्राम खजुरी के जय महामाया करमा दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बिल्हा विकासखंड के ग्राम खम्हारडीह का नवगौरव करमा दल द्वितीय और मस्तूरी विकासखंड के ग्राम आमाकोनी का जय बूढ़ादेव करमा दल तृतीय स्थान पर रहा। कोटा विकासखंड के ग्राम परसापानी के जीवन ज्योति करमा दल को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करमा नृत्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। लोककलाएं हमारी पहचान हैं और इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी दलों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों के उत्साह और आपसी तालमेल में जनजातीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक दल अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने जिला विजेता दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रथम स्थान प्राप्त दल को 50 हजार रुपए, द्वितीय को 25 हजार रुपए, तृतीय को 15 हजार रुपए तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। विजेता दलों को बिलासपुर में 16 नवंबर को आयोजित जनजातीय गौरव सम्मान दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त जय महामाया करमा दल, खजुरी की टीम रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त संजय चंदेल ने अतिथियों, कलाकारों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


