शहरी विकास योजनाएं जरूरतों के अनुरूप और टिकाऊ होनी चाहिए: मंत्री तोखन

 

केंद्रीय मंत्री ने केदारनाथ-बद्रीनाथ में स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा
पांच नगरीय निकायों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बिलासपुर. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान धार्मिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था और शहरी विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं हल्द्वानी में पांच नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास योजनाएं स्थानीय जरूरतों के अनुरूप और टिकाऊ होनी चाहिए। नगरीय निकाय नागरिक सुविधाओं के विस्तार, बेहतर प्रशासन और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दें। बैठक में हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित पांचों निकायों के अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय राज्यमंत्री ने केदारनाथ ज्योतिर्लिंग और बद्रीनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

धार्मिक स्थलों पर ठोस कचरे का उचित निपटान जरूरी
इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रबंधन, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, ठोस कचरे का उचित निपटान तथा बेहतर सैनिटेशन व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और सफाई कर्मियों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में हल्द्वानी, नैनीताल, लालकुआं, भीमताल और भवाली नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। बैठक में शहरी अधोसंरचना, स्वच्छता, पार्किंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और भूमि की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

यूसीएफ के माध्यम से वित्तीय संसाधन जुटाने के दिए निर्देश
श्री साहू ने अधिकारियों को अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) के माध्यम से शहरी विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। हल्द्वानी में निजी हाट बाजार और पार्किंग सुविधा विकसित करने तथा नैनीताल में पर्याप्त कार पार्किंग की व्यवस्था के लिए व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं लालकुआं में महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का मॉडल विकसित करने और भीमताल में बढ़ती अस्थायी आबादी के अनुरूप सफाई व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *