छंदाचार्य डॉ. रामनाथ जबलपुर में सम्मानित

 

बिलासपुर. अखिल भारतीय स्तर पर क्रियाशील ख्याति प्राप्त दो संस्थाओं जबलपुर की कादम्बरी और “बिलासा छंद महालय, छत्तीसगढ़” का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कादम्बरी,जबलपुर द्वारा शहीद स्मारक के सभागृह में आयोजित वर्ष 2026 के “अखिल भारतीय साहित्यकार, पत्रकार सम्मान समारोह” में बिलासा छंद महालय, छत्तीसगढ़ के संस्थापक छंदाचार्य डॉ. रामनाथ साहू ‘ननकी’ जी को सम्मानित किया गया। आयोजन में देश के चुने हुए 129 साहित्यकारों ने भाग लिया।
साहित्य की लुप्त प्रायः विधा छंद को पुनर्जीवित करने का संकल्प लेकर करीब 13-14 वर्ष पूर्व ननकी जी ने छंदों का स्वाध्याय करना आरम्भ किया। कवि जगन्नाथ भानु जी की “छंद प्रभाकर” को पूर्णरूपेण आत्मसात किया। वर्षों के अध्ययन और तपस्या के पश्चात् वर्ष 2019 में साहित्य प्रेमियों को छंद ज्ञान देने के उद्देश्य से “बिलासा छंद महालय” की स्थापना की। मात्र 5 पटल गुरुओं और 40 साधकों को लेकर यह यात्रा आरम्भ की। प्रत्येक वर्ष 1 जनवरी से सत्र की शुरुआत करके पूरा वर्ष करीब 47-48 पुरातन और नवीन छंद सिखाये जाते हैं। इन 7 वर्षों में हजारों की संख्या में साधक छंद ज्ञान प्राप्त कर चुके हैं। प्रत्येक वर्ष करीब 400-500 लोग महालय में प्रवेश लेते हैं और सत्र समाप्त होते-होते छंदों का पूरा ज्ञान प्राप्त करते हुए आगे बढ़ते हैं।
साहित्य सेवा के मद्देनज़र कादम्बरी संस्था ने जबलपुर में शहीद स्मारक के सभागार में छंदों के प्रति उनके समर्पण और तपस्या को सम्मानित किया। कादम्बरी संस्था के अध्यक्ष आचार्य भागवत दुबे जी की उपस्थिति में संस्था के महासचिव राजेश पाठक ‘प्रवीण’ जी ने डॉ. रामनाथ साहू ‘ननकी’ जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज पूरे विश्व में छंद विधा को पुनर्जीवित करने का श्रेय ननकी जी को जाता है।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मात्र 700-800 की जनसंख्या वाले छोटे से गाँव मुरलीडीह में पेशे से किसान ननकी जी आज तक करीब डेढ़-पौने दो लाख नवीन छंदों का प्रस्तार कर चुके हैं। नवप्रस्तारित छंदों पर आपकी कई पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं। कादम्बरी के इस सम्मान समारोह में ननकी जी ने महालय की ही दो प्रतिभाओं डॉ.नेहा शर्मा ‘नेह’ को “बिलासा छंद महालय पिंगल सम्मान” और प्रीति डिमरी ‘प्रीत’ जी को “बिलासा छंद महालय पाणिनि सम्मान” से सम्मानित किया। ननकी  ने यह सम्मान इसी वर्ष आरम्भ किया जिसमें दोनों सम्मानित महिला साहित्यकारों को महालय की तरफ से नकद राशि से पुरस्कृत किया गया।
उन्होंने कहा, कादम्बरी एक ऐसी संस्था है जो कि साहित्यकारों को उचित सम्मान के साथ- साथ साहित्य जगत में एक पहचान दिलाती है। उन्होंने यह भी कहा कि बिलासा छंद महालय की ओर से प्रतिवर्ष एक निश्चित राशि दी जाएगी जिससे महालय के चुने गए 2 या तीन सदस्यों को नगद राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा। महालय द्वारा इसी वर्ष पिंगल सम्मान और पाणिनि सम्मान प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने आचार्य भागवत दुबे और राजेश पाठक ‘प्रवीण’ का हृदयतल से आभार व्यक्त किया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *