रेलवे स्टेशनों पर चला कचरा प्रबंधन जागरूकता अभियान, गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की अपील

 

सफाई मित्रों और रेल कर्मचारियों ने निकाली जागरूकता रैली

बिलासपुर.  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के समापन अवसर पर शनिवार को मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर कचरा प्रबंधन और स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। एक से सात नवंबर तक आयोजित इस अभियान के अंतिम दिन यात्रियों को कचरे के उचित निस्तारण और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत सफाई मित्रों और रेल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली। इसके माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया गया। रेलकर्मियों ने यात्रियों से सीधे संवाद कर स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की। जागरूकता बढ़ाने के लिए स्टेशनों पर डिजिटल डिस्प्ले, पोस्टर और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से कचरा प्रबंधन से जुड़े संदेश प्रसारित किए गए। यात्रियों को कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई।

यात्रियों ने लिया संकल्प
अभियान में कचरे को कम करने, वस्तुओं का पुन: उपयोग करने और पुनर्चक्रण यानी ‘रिड्यूस, रीयूज एवं रीसायकल’ की अवधारणा अपनाने पर जोर दिया गया। रेलकर्मियों, सफाई मित्रों और यात्रियों ने रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *