एचआईवी से बचाव का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार रथ

विधायक अमर अग्रवाल ने रथ को दिखाई हरी झंडी

बिलासपुर.  एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले में प्रचार रथ चलाया जाएगा, जो विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को संक्रमण के कारणों, बचाव के तरीकों, जांच और उपचार की जानकारी देगा।
बुधवार को जिला अस्पताल परिसर से विधायक अमर अग्रवाल ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि एचआईवी संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी और समय पर जांच कितनी जरूरी है। साथ ही संक्रमण की पुष्टि होने पर उपलब्ध उपचार सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। प्रचार रथ के माध्यम से आम नागरिकों तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जानकारी देकर किया जाएगा जागरूक
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल संक्रमण से बचाव तक सीमित नहीं है, बल्कि एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाना भी है। अधिकारियों के अनुसार, जागरूकता और सही जानकारी के माध्यम से भेदभाव को कम किया जा सकता है। अभियान में जनभागीदारी बढ़ाकर स्वस्थ और जागरूक समाज बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *