तीन दिन में 1100 से अधिक मरीज पहुंचे, सडक़ हादसे और मारपीट के केस
पटाखों से झुलसने के 14, सांस की तकलीफ के 20 मरीजों का हुआ उपचार
बिलासपुर. दीपावली पर्व के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था की गई थी। अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को अलर्ट रखते हुए चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की थी, ताकि दुर्घटना या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
7 से 9 नवंबर तक तीन दिनों में सिम्स अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इस दौरान सडक़ दुर्घटना, मारपीट, पटाखों से झुलसने और सांस संबंधी परेशानियों के मामले प्रमुख रूप से सामने आए। आंकड़ों के अनुसार सडक़ दुर्घटना (आरटीए) के 25 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 896 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। मारपीट के 10 मरीज भर्ती हुए और 150 मरीज ओपीडी में पहुंचे। पटाखों से झुलसने के 14 मरीजों को भर्ती किया गया तथा 35 मरीजों ने ओपीडी में उपचार लिया। आंखों में संक्रमण एवं चोट के 6 मरीज ओपीडी में पहुंचे। वहीं सांस लेने में तकलीफ के 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। तीन दिनों में कुल 69 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि ओपीडी में 1087 मरीजों ने उपचार कराया। इस दौरान रेफर होकर आए मरीजों के साथ मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) भी शामिल रहे।


