किन्नर समाज की पीड़ा और संघर्ष को सामने लाता है उपन्यास तीसरे लोग: डॉ. वैष्णव
पुस्तक की विषयवस्तु और सामाजिक संदेश पर हुई चर्चा
बिलासपुर. समाज के उपेक्षित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों की पीड़ा, संघर्ष और वास्तविक परिस्थितियों को साहित्य के माध्यम से सामने लाने की पहल को सराहना मिल रही है। वरिष्ठ उपन्यासकार केशव शुक्ला द्वारा लिखित बहुचर्चित उपन्यास तीसरे लोग को मानवाधिकार एवं श्रीसूर्या पुष्पा फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमेश वैष्णव ने समाज के लिए महत्वपूर्ण साहित्यिक कृति बताया है।
बिलासपुर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में डॉ. वैष्णव ने उपन्यास का लोकार्पण किया। इस अवसर पर श्रीसूर्या पुष्पा फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर गौरव शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुस्तक की विषयवस्तु और उसके सामाजिक संदेश पर चर्चा की गई। डॉ. रमेश वैष्णव ने कहा कि तीसरे लोग उपन्यास किन्नर समाज की पीड़ा, संघर्ष और जीवन की सच्चाइयों को बेहद मार्मिक ढंग से प्रस्तुत करता है। यह पुस्तक समाज को नई दिशा देने के साथ किन्नर समुदाय के प्रति लोगों की पारंपरिक सोच और नजरिए में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि साहित्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने का सशक्त साधन भी है। ऐसे विषयों पर लिखी गई रचनाएं समाज को मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम में डॉ. साहिल साहू, रंजीत भारद्वाज और डॉ. कार्तिक यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


