विश्व मधुमेह दिवस पर निकली जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
कलेक्टर संजय अग्रवाल की मौजूदगी में नागरिकों को मधुमेह से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति किया गया जागरूक
बिलासपुर. विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आज विवेकानंद गार्डन (कंपनी गार्डन) में मधुमेह के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला बिलासपुर के संरक्षक श्री संजय अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। रैली के माध्यम से नागरिकों को मधुमेह से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों, गणमान्य नागरिकों सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जागरूकता रैली के माध्यम से आम नागरिकों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता और समय-समय पर रक्त शर्करा की जांच कराने के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही मधुमेह के प्रति सजग रहने और दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के जरिए यह संदेश दिया गया कि समय पर जांच, उचित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधियों से मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्यालय आयुक्त स्काउट श्री टुकेश्वर यादव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट श्री संतोष कुमार त्रिपाठी, जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री महेंद्र बाबू टंडन, गाइडर श्रीमती चेतना सिंह ठाकुर, सुश्री कौशल्या साहू सहित रोवर्स एवं रेंजर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना था। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।


