किन्नरों को सम्मान दो, वो भी बदल सकते हैं समाज की तस्वीर: डॉ. विनोद तिवारी
बिलासपुर. वरिष्ठ उपन्यासकार केशव शुक्ला द्वारा लिखित बहुचर्चित उपन्यास “तीसरे लोग” एवं “अंतरंग काव्य सरोवर” काव्य संग्रह को एक और बड़ी सराहना मिली है।
संजीवनी हॉस्पिटल में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में संजीवनी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. विनोद तिवारी ने दोनों पुस्तकों का लोकार्पण किया। इस दौरान हॉस्पिटल के स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्री सूर्या पुष्पा फाउंडेशन के माध्यम से ये पुस्तकें वहां पहुंची, फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर गौरव शुक्ला इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद थे।
डॉ. विनोद तिवारी ने कहा –
“तीसरे लोग ये उपन्यास केशव शुक्ला द्वारा रचित है। इस उपन्यास में तीसरे जेंडर, जिसे किन्नर कहते हैं, उनकी भावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया है। ऐसे लोगों को अगर समाज में अच्छा स्थान मिले, अगर उनको काम करने का मौका मिले, तो वो भी समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकते हैं। ये उपन्यास पढ़ा है, मैं रिकमेंड करता हूँ कि आप भी इसे पढ़िए और इससे भावनात्मक रूप से जुड़ने का प्रयास करें। श्री केशव शुक्ला ने एक साहसिक और समाजोपयोगी कार्य किया है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने लेखक के साहसिक कार्य की सराहना की।


