विशेष स्वास्थ्य शिविर में 257 लोगों ने कराया पंजीयन, लीवर और कैंसर की हुई जांच

 

सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश

बिलासपुर. सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से अपोलो अस्पताल द्वारा प्रार्थना सभाकक्ष में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए आयोजित शिविर में 257 लोगों ने पंजीयन कराया। शिविर में लीवर एवं विभिन्न प्रकार के कैंसर की जांच के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।शिविर में 82 लोगों ने विशेष लीवर जांच का लाभ लिया, जबकि 72 लोगों की सर्वाइकल कैंसर जांच की गई। वहीं 68 लोगों ने ब्रेस्ट कैंसर जांच के लिए पंजीयन कराया, जिनकी अपोलो अस्पताल में निःशुल्क जांच की जाएगी।

संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कहा कि अपोलो अस्पताल प्रबंधन सामाजिक गतिविधियों में निरंतर सहभागी रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करानी चाहिए। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि संतुलित खान-पान और अच्छी दैनिक दिनचर्या अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। शिविर में संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया। अपोलो अस्पताल के प्रबंधक श्री अजय जाड़े ने बताया कि 29 सितंबर को वर्ल्ड हार्ट डे के अवसर पर वॉकथान आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारी एवं स्कूली बच्चे शामिल होंगे। अपोलो अस्पताल से महाप्रबंधक श्री विवेक द्विवेदी एवं मार्केटिंग विभाग के श्री राघवेन्द्र साहू भी उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *