कोनी में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, चार आरोपी पकड़ाए

 

 

4.81 लाख का मशरूका बरामद, रात में ताला तोड़कर घरों को बनाते थे निशाना

बिलासपुर. कोनी थाना पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, ओप्पो मोबाइल, 6,700 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 4 लाख 81 हजार 488 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर को रात के समय अलग-अलग घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 और 512/2026 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर वारदात करना बताया।
इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने रात में अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर तीनों मामलों में चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया। राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *