स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, बिल का ले रहे हिसाब

 

 

घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान शुरू किया

बिलासपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस द्वारा जमकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस नेता और पार्षद अपने अभियान के तहत शहर के अलग-अलग वार्डों में घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से बिजली बिल का हिसाब ले रहे हैं। मई-जून की भीषण गर्मी में बिजली की खपत बढऩे के कारण बिल अधिक आने की बात कही गई थी, लेकिन अब बारिश के मौसम में खपत कम होने के बावजूद कई उपभोक्ताओं के बिल दोगुने आने से परेशानी बढ़ गई है।

लगातार बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर उपभोक्ताओं में भी असंतोष बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि शहर में रोजाना करीब 20 से 25 उपभोक्ता अधिक बिल आने की शिकायत लेकर बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच रहे हैं। कांग्रेसियों का आरोप है कि शिकायतों का मौके पर समाधान करने के बजाय कई बार मोबाइल में दिखाई जा रही यूनिट की जानकारी देखकर ही उपभोक्ताओं को वापस भेज दिया जाता है। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। प्रदेश और जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस ने घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इसके लिए पार्टी ने बाकायदा एक फॉर्म तैयार किया है, जिसमें स्मार्ट मीटर लगने से पहले और बाद के बिजली बिल की जानकारी जुटाई जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई घरों में बिजली बिल बढ़ गया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *