अटल वाटिका भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए अमर
बिलासपुर . नगर विधायक अमर अग्रवाल ने आज बिलासपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की तथा जनहित के मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस क्रम में बिलासपुर के टिकरापारा क्षेत्र में अटल वाटिका भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होते हुए श्री अग्रवाल ने सामुदायिक भवन में निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी जी, वार्ड के पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इसके पश्चात उन्होंने स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम मॉडल कॉलेज में आयोजित “तरंग” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान दो स्मार्ट बोर्ड का लोकार्पण भी संपन्न हुआ। विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित शिक्षा व्यवस्था की सराहना की। इसके अतिरिक्त, अपने निवास कार्यालय में आयोजित अपनों से मुलाकात कार्यक्रम के दौरान श्री अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जनहित एवं विकास उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आमजन को शीघ्र राहत दिलाने के लिए सतत प्रयास जारी रहेंगे।


