बाबू राम विलास सिंह सरस्वती सम्मान से नवाजे गए केशव
बिलासपुर. राष्ट्र सृजन अभियान के प्रमुख डॉ. प्रद्युम्न कुमार सिन्हा के निर्देश पर ” माँ अरपा ” काव्य संग्रह के विमोचन अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार केशव शुक्ला जी को ” सरस्वती सम्मान ” से विभूषित किया गया।माँ सरस्वती की वंदन डॉ. शोभा त्रिपाठी ने मधुर स्वरों में किया।इस सम्मान को प्रदान करते समय श्रद्धेय डॉ. पाठक के साथ विश्व हिंदी परिषद छतीसगढ़ प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ संगीता बनाफ़र,डॉ. अनिता सिंह ,राष्ट्र सृजन अभियान के छत्तीसगढ़ अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी छत्तीसगढ़ राज्य विश्व हिन्दी परिषद शिवमंगल शुक्ला , श्री रमेश श्रीवास्तव ,श्री अशोक पाण्डे भी मौजूद थे।
राष्ट्र सृजन अभियान दिल्ली के प्रमुख डॉ. प्रद्युम्न कुमार सिन्हा ने बताया कि अभियान का शिखर सम्मान ” प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी दादाश्री बाबू राम विलास सिंह सरस्वती सम्मान ” हिंदी के उत्कृष्ट राष्टीय साहित्यकार को दिया जाता है।अभी तक गिने-चुने लोगों को दिया गया है।इस बार साईं आनन्दम के गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय साहित्यकार एवं उपन्यासकार केशव शुक्ला जी को विभूषित करते हुए हम हर्षित एवं गौरवान्वित हैं।
राष्ट्र सृजन अभियान परिवार के राष्ट्रीय संयोजक एवं बुध्दिजीवी प्रकोष्ठ के प्रमुख डॉ.विनय कुमार पाठक जी ने केशव जी को सरस्वती सम्मान से अलंकृत किया।उन्होंने इस मौके पर कहा-साहित्यकारों की भूमिका राष्ट्र निर्माण की धुरी है।सृजन,संवेदन और संस्कार ही किसी समाज की पहचान होते हैं और साहित्यकार इन तीनों का मार्गदर्शन कर समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।उन्होंने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में राष्ट्र सृजन अभियान द्वारा किये जा रहे कार्यों पर भी प्रकाश डाला।


