देश को कमजोर कर रहा भाजपा का भ्रष्टाचार- प्रियंका 

नीट विवाद के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक बार फिर से मोदी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि देश में पिछले 5 सालों में 43 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। भाजपा राज में पेपर लीक हमारे देश की राष्ट्रीय समस्या बन गया है जिसने अब तक करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। सबसे ज्यादा युवा आबादी हमारे पास है। भाजपा की सरकार हमारे इन युवाओं को कुशल और सक्षम बनाने की जगह उन्हें कमजोर बना रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि करोड़ों होनहार छात्र दिन-रात मेहनत से पढ़ाई करते हैं, अलग-अलग परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, माता-पिता, तन-पेट काटकर पढ़ाई का बोझ उठाते हैं। बच्चे सालों तक वैकेंसी आने का इंतजार करते हैं। वैकेंसी आती है तो फॉर्म भरने का खर्चा, परीक्षा देने जाने का खर्चा, और अंत में सारा प्रयत्न भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का भ्रष्टाचार देश को कमजोर कर रहा है। कांग्रेस ने वर्ष 2024 में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और उच्चतम न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!