यमुना नदी में पलटी नाव, 10 लोगों की मौत और कई लापता
मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं/पर्यटकों से भरी एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि राहत-बचाव कार्य जारी है। मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे।
इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल ने चार और लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। बताया जा रहा है कि नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक गुलाब नामक एक स्थानीय गोताखोर ने बताया कि अब तक लगभग 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है।


