मुख्यमंत्री ने की पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल, सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी की लहर
बिलासपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिये पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद जिला कार्यालय बिलासपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों में ख़ुशी की लहर है। जिला कार्यालयों में आज पूरे दिन पेंशन बहाली चर्चा का विषय बना रहा। अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस निर्णय की सराहना की और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला कार्यालय के अधिकरियों ने गाजे-बाजे के साथ पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। छ.ग. प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के बिलासपुर शाखा के अध्यक्ष जी.आर.चंद्रा ने मुख्यमंत्री श्री बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में जश्न का माहौल है। इस ऐतिहासिक निर्णय से कर्मचारियों को सुरक्षित भविष्य मिल गया है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना लागू होने से कर्मचारी अब सम्मानपूर्वक जीवन जी सकेंगे। समाज कल्याण विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ अजय धुर्वे नें बताया कि शासन के इस निर्णय से कार्य के प्रति उत्साह और मनोबल बढ़ा है, उन्होंने सरकार के इस निर्णय की सराहना करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ सुश्री आकांक्षा ने बताया कि पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली से अब हमें पूरा पेंशन मिलेगा और भविष्य सुरक्षित रहेगा, आकांक्षा ने खुशी जाहिर करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षा विभाग के सहायक परियोजना समन्वयक रामेश्वर जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा से कर्मचारियों में अपार हर्ष है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से अब तक सी.पी.एस. के दायरे में रहे कर्मचारी, अधिकारियों को लाभ मिलेगा। अधिकारी, कर्मचारी की बहुत बड़ी चिंता मुख्यमंत्री ने दूर की है। राजीव गांधी शिक्षा मिशन कार्यालय में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ सुमंत यादव ने कहा कि हमारे परिवार का भविष्य अब आर्थिक रूप से सुरक्षित हो गया है। समाज कल्याण विभाग में पदस्थ परियोजना अधिकारी सरस्वती रामेश्वरी ने मुख्यमंत्री भूूपेश बघेल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय से हमारी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा और निःसंदेह कार्यक्षमता बढ़ेगी।
परीक्षा शुल्क में माफी की घोषणा से युवाओं में खुशी का माहौल : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बजट सत्र के दौरान स्थानीय युवाओं के लिए व्यापम, पीएससी और राज्य की परीक्षाओं में परीक्षा फीस खत्म करने की घोषणा कर प्रदेश के युवाओं को बड़ी राहत दी है। इस फैसले से प्रदेश के युवाओं में खुशी का माहौल है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मयंक पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह सराहनीय फैसला है। इससे बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत मिली है, उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। सुश्री प्रिया गोस्वामी ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को इस घोषणा से बड़ी राहत मिली है। अब हमें फॉर्म भरने के लिए पैसों की बाधा नहीं होगी। इससे हमारे माता-पिता पर भी आर्थिक बोझ नहीं आएगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अधिकांश युवा के पास रोजगार का कोई साधन नहीं होता है। राजकिशोर नगर निवासी श्रीमती शैली पाण्डेय भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। श्रीमती पाण्डेय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए कहती हैं कि इस फैसले से बेरोजगार युवाओं को हिम्मत मिलेगी। पहले फॉर्म भरने में झिझक होती थी, लेकिन अब इस फैसले के बाद हम फॉर्म आसानी से भर सकते है। फॉर्म भरने मे ही हमारे पैसे खर्च हो जाते थे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे चिंगराजपारा निवासी प्रकाश साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह निर्णय स्वागत योग्य है। अब हम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निश्चिंत होकर कर सकते है। बेरोजगार युवाओं के लिए यह फैसला राहत देने वाला है।