मुख्य सचिव ने ली वर्चुअली समीक्षा बैठक
बिलासपुर. मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने शत प्रतिशत त्रुटिरहित गिरदावरी करने के निर्देश दिए हंै। उन्होंने अल्प वर्षा एवं फसल क्षति से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाने कहा है। मुख्य सचिव ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी जिला कलेक्टरों को यह निर्देश दिया। बैठक में बिलासपुर के संभागायुक्त डाॅ. संजय अलंग भी शामिल हुए। मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि गिरदावरी का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण है। गिरदावरी की शुद्धता देखने के लिए राजस्व अधिकारियों को मैदानी निरीक्षण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गिरदावरी कार्य में कड़ा नियंत्रण राजस्व अधिकारियों का होना चाहिए। राजीव गांधी किसान न्याय योजना सहित फसल परिवर्तन में भी गिरदावरी की अपनी अहम भूमिका है। फसल क्षति का अनुमान गिरदावरी से बेहतर हो सकता है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत् जिन किसानों ने सामान्य धान के बदले सुगंधित धान या अन्य फसल लगाया है, उनके रकबे की प्रविष्टि प्राथमिकता से करने कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिन कृषकों को फसल क्षति हुई है, उनका आंकलन कर उनकी फसल क्षतिपूर्ति के लिए भी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में अल्प वर्षा की स्थिति से निपटने, लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए बनाई जा रही कार्ययोजना की भी समीक्षा की। बैठक में जलाशयों में जलभराव की स्थिति और आवश्यकतानुसार पानी छोड़े जाने की जानकारी ली, इसके अलावा उन्होंने वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने, कोविड टेस्टिंग बढ़ाने आदि के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारी वीडयो काॅन्फे्रंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।