पुराना बस स्टैण्ड में चारों ओर गंदगी का आलम, जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर बह रही है नाली की धारा
बिलासपुर/अनिश गंधर्व. शहर के नाले नालियों में कचरा भरा हुआ है। पुराना बस स्टैंड सड़क पर दोनों ओर बनाई गई नालियों का कोई औचित्य नहीं रह गया है। हर बरसात में लोगों को नाली के गंदे पानी में चलना पड़ता है। नगर निगम द्वारा नालियां का तो निर्माण किया गया है लेकिन तेजी से नाली का गंदा पानी बह सके लिये आज तक ठोस व्यवस्था नहीं बनाई जा सकी है। गंदे पानी के ऊपर से जिला अस्पताल आने जाने वाले लोगों को चलना पड़ रहा है। यहां नाली ऊपर से पानी बह रहा है, सड़क पर चारों ओर गंदगी पसरी है।
मालूम हो कि पुराना बस स्टैण्ड में राजीव प्लाजा, होटल, दुकान आदि संचालित हो रहा है। दिन भर यहां भारी भीड़ का आलम रहता है। बारिश के दिनों में यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाली का पानी और सड़क पर बहने लगता है, घुटना तक पानी भर जाता है। बस स्टैण्ड के अंदर और शारदा होटल के पीछे पैर रखने की जगह नहीं है। व्यापारियों के दुकानों तक गंदा पानी घुस रहा है। जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर नाली के ऊपर से पानी बह रहा है। उपचार कराने आये मरीजों को लाने ले जाने में परेशानी हो रही है। मुख्य गेट के ठीक बाजू में ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। पानी का बहराव देखकर लोग यहां से गुजरने से सहम रहे हैं। आदमी तो आदमी यहां जानवरों पर भी खतरा मंडरा रहा है, ज्यादातर मवेशी यहां नाली में गिरते हैं। नगर निगम द्वारा नालियों की साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन ऐसा लगता है कि नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में शहर की सफाई व्यवस्था डगमगा रही है। बारिश के दिनों में नालियों की सफाई कराई जा रही है, जगह-जगह मलबे का ढेर लगा हुआ है, शहर की सड़के चलने लायक नहीं है। छोटी-बड़ी नालियों के गंदे पानी को मुख्य नाला तक पहुंचाने में नगर निगम का अमला पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है।