जिला अस्पताल के नर्स ने प्रसूता से मांगे पैसे, निलंबित
बिलासपुर। जिला अस्पताल के नर्स ने सुरक्षित प्रसव कराने के एवज में मरीज के परिजनों से पैसे की मांग की। परिजन ने लेनदेन की बात करते हुए नर्स की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इस मामले में अस्पताल प्रबंध ने गंभीरता से लेते हुए दो नर्स स्टाफ को निलंबित कर दिया है।
कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं बिलासपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में बताया गया था कि स्टाफ नर्स लक्ष्मी वर्मा और संजू चौरसिया द्वारा प्रसूताओं के परिजनों से अस्पताल में खर्च और फार्म जमा करने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी। जांच में प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया गया। इसके बाद दोनों नर्सों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बिलासपुर निर्धारित किया गया है।


