April 28, 2024

’किसानों के दुश्मन मोदी के किसानों को प्रवचन बगुला भगत के समान : कांग्रेस’

रायपुर. गुजरात के आनंद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शून्य बजट पर प्राकृतिक खेती, सस्ती खेती, टिकाऊ खेती जैसे विषय पर उद्बोधन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बगुलाभगत का उपदेश बताते हुए कहा है कि देश भर के किसानों का भविष्य कारपोरेट घरानों के पास गिरबी रखने के लिए साजिश रचकर तीन काले कानून लाने वाले अब किसानों को शून्य बजट में उत्तम खेती का पाठ पढ़ा रहे हैं। यह धूर्तता छत्तीसगढ़ सहित सारे देश के किसान देख, सुन और समझ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि सात साल से किसानों के साथ वादाखिलाफी और धोखाधड़ी कर रही मोदी सरकार ने वादा किया था कि किसानों को लागत का डेढ़ से दो गुना मूल्य देंगे। वादा निभाना तो इनकी फितरत में है ही नहीं, उल्टे किसान को सही दाम न मिल सके, इसके लिए रोड़े अटकाए गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि जब कांग्रेस के वादे के मुताबिक भूपेश बघेल सरकार ने 2500 रुपये की दर से छत्तीसगढ़ के किसानों को दाम देना शुरू किया तो केंद्र के समर्थन मूल्य का अड़ंगा लगाया। लेकिन हमारी सरकार ने हर हाल में किसान से किया वादा पूरा किया। सरकार आते ही उनका कर्ज माफ किया। किसानों को धान का 2500 रुपये न मिले, इसके लिए केंद्र की मोदी भाजपा सरकार ने पूरा जोर लगा दिया, तब भी कांग्रेस सरकार राजीव गांधी किसान न्याय योजना लाकर किसानों का धान 2500 में खरीद रही है। अन्य उपज के भी दाम बढ़ाकर किसानों को राहत दी गई है। गोधन न्याय योजना के तहत गोधन संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। दो रुपये किलो की दर से गोबर खरीदी करके ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी गई है। उपज बढ़ाने कम्पोस्ट बर्मी खाद का उत्पादन किया जा रहा है। गोबर से बिजली उत्पादन भी हो रहा है। इसे कहते हैं कांग्रेस का हाथ, किसान के साथ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि किसान के दुश्मन आज यह कबूल कर रहे हैं कि पूरे विश्व में खाद्यान्न निर्यात में भारत की भागीदारी काफ़ी कम है तो वे यह भी बता दें कि इसके लिए जिम्मेदार वे खुद हैं। छत्तीसगढ़ के किसान को धान का 2500 न मिल पाए, इसके लिए बारदाना संकट की साजिश रचने वाले जब किसान को ज्ञान बांटते हैं तो लगता है कि ऐसे जोकर जिन्होंने कभी हल नहीं चलाया, किसान का दर्द महसूस नहीं किया, वे किसानी के गुर सिखा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि तथाकथित गुजरात मॉडल के गुब्बारे की हवा निकल गयी है। अब देश में छत्तीसगढ़ के न्याय मॉडल का बोलबाला है। अगर पीएम मोदी को जरा सी भी सद्बुद्धि आ गई है तो वे छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की नीतियों को लागू करें और देख लें कि कृषि के क्षेत्र में भारत दुनिया का सिरमौर बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post नाबालिग बालिका से दुष्‍कर्म के आरोपी को 20 वर्ष का कठोर कारावास
Next post नितिन नवीन बतायें छत्तीसगढ़ के हक की आवाज उठाने पर उन्हें पीड़ा क्यों हो रही? : कांग्रेस
error: Content is protected !!