दुकान में लगी आग, पुलिस ने 14 लोगों को सुरक्षित निकाला

०. रात 2.30 बजे गश्त के दौरान पुलिस ने देखा धुआं-लपटें
०. सीढिय़ों पर आग के बावजूद 5 परिवारों का किया रेस्क्यू

जांजगीर-चांपा। अकलतरा के अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात कपड़ा दुकान में लगी आग के बीच अकलतरा पुलिस की तत्परता से बड़ी जनहानि टल गई। गश्त पर निकली पुलिस टीम ने रात करीब 2.30 बजे नीरज कलेक्शंस से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। दुकान के प्रथम तल पर पांच परिवारों के रहने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और वहां फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार दुकान के प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढिय़ों पर भी आग की तेज लपटें थीं। ऐसे में अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और उसके जरिए प्रथम तल पर फंसे 4 बच्चों, 4 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 14 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। पुलिस की समय पर कार्रवाई से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से भी बच गई। रेस्क्यू और आग बुझाने की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर सहित अकलतरा थाना स्टाफ, होमगार्ड जांजगीर के अग्निशमन दल और जेएसडब्ल्यू प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल 14 लोगों की जान बची, बल्कि आसपास के क्षेत्र में बड़ी आगजनी की आशंका भी टल गई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *