ग्राम कोसमकुंडा में भजन मेला का शिलान्यास
बिलाईगढ़. विधानसभा क्षेत्र विधायककविता प्राण लहरे के गृह ग्राम कोसमकुंडा में अखिल भारतीय रामनामी महासभा के तत्वावधान में आगामी वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित विशाल भजन मेला के लिए शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा व उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक कविता प्राण लहरे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
आयोजन की शुरुआत सैकड़ों महिलाओं की कलश रैली से हुई। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर “राम-राम, राम नाम” भजनों के साथ गांव में शोभायात्रा निकाली। राम नाम के भजन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके पश्चात विधायक कविता लहरे ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर भजन मेला स्थल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संत-महात्माओं ने पूजा-अर्चना संपन्न कर आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
विधायक श्रीमती लहरे ने अपने संबोधन में कहा कि रामनामी समुदाय की परंपराएं भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने भजन मेला के सफल आयोजन हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अखिल रामनामी महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित भजन मेला में देशभर से रामनामी समाज के अनुयायी, संत एवं भजन मंडलियां शामिल होंगी। आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, ग्रामीणजन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।


