अरपा के छठघाट-पचरीघाट पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
०. ड्रोन से निगरानी, हथियार लेकर चलने वालों पर कार्रवाई
०. निगम के 150 कर्मचारी तीन शिफ्ट में संभाल रहे व्यवस्था
बिलासपुर. दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ शहर में शोभायात्राओं का सिलसिला शुरू हो गया है। अरपा नदी के छठघाट और पचरीघाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की भीड़ और शोभायात्राओं को देखते हुए पुलिस तथा नगर निगम ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात है, जबकि ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।
बड़ी प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक पहुंचाने और नदी में उतारने के लिए नगर निगम ने क्रेन की व्यवस्था की है। विसर्जन स्थलों पर तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के अनुसार, प्रत्येक शिफ्ट में 50 कर्मचारी तैनात रहेंगे। इस तरह कुल 150 कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालेंगे। नदी में सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की गोताखोर टीम भी तैनात की गई है। विसर्जन जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिम्स चौक, देवकीनंदन चौक, ज्वाली नाला, हटरी चौक, काली मंदिर तिराहा, वाल्मीकि चौक, कोरोना चौक, कोतवाली चौक और शनिचरी सहित संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। प्रमुख स्थानों पर 15 से 20 जवानों की टीम तैनात की गई है। इनके साथ टीआई और राजपत्रित अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पुलिस जुलूस में शामिल लोगों की जांच कर रही है। लोहे के कड़े, चाकू या अन्य हथियार लेकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती
विसर्जन के दौरान नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग करने और विवाद फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए एल्कोमीटर से जांच की जाएगी। पेट्रोलिंग टीमें लगातार शहर में गश्त करेंगी। पुराने अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
विसर्जन मार्गों पर वाहनों की रोक
छठघाट और पचरीघाट जाने वाले निर्धारित मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल ने बताया कि सडक़ से लेकर विसर्जन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।


